Nainital: कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कई स्थानों पर गंदगी और धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जताई।
माल रोड में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क सुधारीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने एंकरिंग एवं सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 51 में से 11 माइक्रोपाइल लगाए जा चुके हैं और 31 जून तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपक रावत ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएसए परिसर में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे फसाड निर्माण, शौचालय, चेंजिंग रूम और बैडमिंटन कोर्ट सुधारीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने 15 जून तक शौचालय और चेंजिंग रूम का कार्य हर हाल में पूरा करने को कहा।
खड़ी बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्र में चल रहे 2.38 करोड़ रुपये के सड़क सौंदर्यीकरण एवं अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की धीमी गति पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग अब स्वयं करेंगे। साथ ही दो दिन के भीतर आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने और बरसात से पहले भूमिगत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बी.डी. पांडे चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे टाइप-2 आवास और चहारदीवारी निर्माण कार्य बंद मिलने पर दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी जताई और अगले ही दिन से कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र में गंदगी और कूड़े के ढेर पाए जाने पर आयुक्त ने नगर पालिका प्रशासन को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने, चार कर्मचारियों की नियमित तैनाती करने तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रोडवेज बस अड्डा और प्राधिकरण भवन के आसपास फैली गंदगी पर भी आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका के ईओ को फटकार लगाते हुए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण लेने और सीसीटीवी निगरानी के जरिए कार्रवाई करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, एसडीएम नवाजिश खालिक, अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, ईओ नगर पालिका रोहिदास शर्मा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
