Nainital: नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के समग्र विकास को नई गति देते हुए 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 13 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से दो योजनाओं का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का विधिवत भूमि पूजन भी किया गया, जिससे नैनीताल शहर की पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
लोकार्पण की गई योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। इसके अंतर्गत झील का संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण, दो झीलों का निर्माण, उनके मध्य डक्ट का निर्माण, जल की शुद्धता हेतु एयरेशन प्लांट की स्थापना, नौ दुकानों का निर्माण, शौचालय ब्लॉक, मुख्य मार्ग से जुड़ा लिफ्ट एवं ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों ओर पैदल पथ का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुस्तकालय के संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं पुनरुद्धार का कार्य भी पूर्ण किया गया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में बेतालघाट क्षेत्र में 9 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से प्री-स्ट्रेस मोटर पुल निर्माण, नैनीताल तल्लीताल क्षेत्र में 34 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग, रामनगर में 38 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग निर्माण शामिल है। इसके साथ ही रामनगर क्षेत्र में पेयजल से जुड़े नलकूपों पर सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर की स्थापना, बेतालघाट में लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी एवं रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों व सड़कों के मरम्मत एवं निर्माण कार्य तथा गोला नदी के दानीजाला क्षेत्र में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी विकास कार्य नैनीताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जनोपयोगी सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
