Nainital: जनपद में पुलिस की अनुशासनात्मक छवि को बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कड़ा रुख अपनाया है। नशे की हालत में वाहन चलाकर तीन लोगों को टक्कर मारने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की गई है।
रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में तैनात कांस्टेबल राकेश बोरा पर आरोप है कि उसने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतते हुए शराब के नशे में वाहन चलाया और तल्लीताल क्षेत्र के फांसी गधेरा के पास तीन व्यक्तियों को टक्कर मार दी। इस घटना से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने पर वरिष्ठ स्तर पर मामले का संज्ञान लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए 26 दिसंबर 2025 को संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही थाना तल्लीताल में उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस एक अनुशासित बल है और शराब पीकर वाहन चलाने, कानून का उल्लंघन करने या अनुशासनहीन आचरण की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी चाहे किसी भी पद या रैंक पर क्यों न हो, उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह कानून का रखवाला ही क्यों न हो।

Chief Editor, Aaj Khabar
