Nainital: उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। हल्द्वानी से नैनीताल जा रही कार ताकुला पुरानी चुंगी के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) कार संख्या यूके 07 एएम 7810 से नैनीताल की ओर जा रहे थे। ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक चालक का कार से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को घायलों तक पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब 100 मीटर गहरी खाई से चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल ठीक है। उन्होंने कहा कि कार कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
