Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: बारात सीजन में अव्यवस्था पर सख्त हुई नैनीताल पुलिस, एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने जारी किए कड़े निर्देश

Haldwani
शेयर करे-

Nainital: जिले में शादी–विवाह सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और बारात व्यवस्थाओं में हो रही अव्यवस्थाओं पर अब पुलिस ने सख्ती कर दी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और नियंत्रित रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों, थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को कड़े और स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

बारात सीजन के चलते कई क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आमजन, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए एसएसपी ने नियमों का सख्ती से पालन कराने का आदेश दिया है।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश—

  • सभी वेडिंग पॉइंट, बैंक्वेट हॉल और शादी आयोजनों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
  • वेडिंग हॉल संचालकों, डीजे संचालकों और बड़े व्हील लाइटिंग झालर संचालकों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी दी जाएगी।
  • बारात में पहियों वाले बड़े–बड़े लाइटिंग झालर पूरी तरह प्रतिबंधित किए गए हैं, उल्लंघन पर तुरंत ज़ब्ती की कार्रवाई होगी।
  • केवल हाथ से पकड़कर चलाए जाने वाले झालरों की ही अनुमति होगी।
  • बारात की लंबाई वेन्यू के गेट से अधिकतम 200 मीटर तक सीमित रखी जाएगी।
  • बारात की हेड और टेल को अनुशासित व सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा।
  • हाई-बेस बड़े डीजे का सड़क पर उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
  • रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शिकायत मिलने पर डीजे तुरंत जब्त किया जाएगा।
  • किसी भी अनियमितता पर क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी तत्काल कार्रवाई करेंगे।
  • निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारी की होगी।

नैनीताल पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि शादी समारोह को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण और यातायात नियमों के अनुसार आयोजित करें।

सहयोग करें ताकि सभी के लिए सरल, सुरक्षित और सुगम यातायात बना रहे।

नियम उल्लंघन की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9411112979 या 112 पर दी जा सकती है।