Headlines

Nainital: नैनी झील से लगातार दूसरे दिन मिला शव, अधेड़ की संदिग्ध मौत से बढ़ी चिंता

Nainital: नैनी झील से लगातार दूसरे दिन मिला शव, अधेड़ की संदिग्ध मौत से बढ़ी चिंता
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल में नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह झील में एक स्थानीय अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने झील में शव उतराता देखा, जिसके बाद मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को झील से बाहर निकाला और परिजनों की मौजूदगी में उसकी पहचान महेंद्र चौहान के रूप में कराई।

मृतक के पुत्र ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता शौचालय जाने की बात कहकर घर से बाहर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह नैनी झील से शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *