Nainital: सोमवार को जनपद नैनीताल के तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाइन्स इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक थार वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या RJ 60CG-4574 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी नैनीताल, थानाध्यक्ष तल्लीताल और पुलिस बल ने एसडीआरएफ व फायर टीम के साथ मिलकर बचाव कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में सवार तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल पाए गए, जबकि एक को सामान्य चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से बी.डी. पाण्डे जिला चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान 21 वर्षीय राहुल कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को ड्राइविंग के दौरान नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घायलों में अरविन्द सिंह (24 वर्ष) निवासी जोधपुर और युवराज सिंह (20 वर्ष) निवासी जोधपुर शामिल हैं।


Chief Editor, Aaj Khabar
