Nainital: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद नैनीताल में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की गई।
अभियान के तहत 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, संबंधित बीएजी सदस्य और बीएलए-2 वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी।
इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ, बीएलए-2 के सहयोग से घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य पात्र मतदाताओं को भी सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल में 6,97,547 मतदाता दर्ज
जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में जनपद नैनीताल में कुल 6,97,547 मतदाता दर्ज हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। उन्होंने मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
