Nainital: पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकास खण्ड कोटाबाग की न्याय पंचायत बैलपड़ाव स्थित सिंचाई डाक बंगला, बैलपड़ाव में कल बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में ललित मोहन रयाल स्वयं क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा मौके पर ही उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश देंगे। इस अवसर पर राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी, साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हुए विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से बहुद्देशीय शिविरों के माध्यम से प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित सेवा सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। यह बहुद्देशीय शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Chief Editor, Aaj Khabar
