Nainital: जनपद नैनीताल के शेरनाला क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया जब अचानक तेज बहाव में बहकर पलटी स्कार्पियो में सवार 10 यात्रियों को चोरगलिया पुलिस ने समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। एसएसपी प्रहलाद मीणा ने तत्पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे साहस और सेवा का आदर्श उदाहरण बताया।
घटना शनिवार रात्रि लगभग 12:30 बजे की है। स्कार्पियो वाहन (UK18 F 2000) जागेश्वर धाम (अल्मोड़ा) से लौटते समय शेरनाला क्षेत्र में एक नाले को पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आ जाने से वाहन पलट गया और उसमें सवार 10 लोग जानलेवा स्थिति में फंस गए।
सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना प्रभारी राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल अकुंश चन्याल, मोहम्मद नाजिर, चालक दिनेश लाल और होमगार्ड दिनेश सिंह शामिल थे। जोखिम भरे हालात में भी बिना समय गंवाए उन्होंने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए सभी यात्री जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) निवासी हैं। उनके नाम हैं– अमन कश्यप, राहुल कश्यप (चालक), टीटू दिवाकर, मनीष लोधी, रमेश चन्द्र, चन्द्र सैन, अंकित कटियार, करन लोधी, रोहित कश्यप और अभिमन्यु।
घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम को “थैंक यू फॉर लाइफ” और “रियल हीरो” कहकर आभार जताया।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पूरी टीम की तत्परता, सूझबूझ और साहस की प्रशंसा करते हुए उन्हें अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पुलिस की अपील
जनता से अपील की गई है कि बरसात के मौसम में सतर्क रहें, नदी-नालों से दूर रहें, बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और देर रात अनावश्यक यात्रा न करें। पुलिस ने दोहराया कि “आपका जीवन अनमोल है।”
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


