Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, तल्लीताल फांसी गदेरा में तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को रौंदा

Nainital: नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, तल्लीताल फांसी गदेरा में तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को रौंदा
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तल्लीताल फांसी गदेरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को रौंद दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद वाहन चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस में पेंटिंग का काम करने जा रहे थे। चढ़ाई वाले मार्ग पर तेज गति से आई कार ने पहले तीनों को टक्कर मारी और फिर रुके बिना उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे।

हादसे के बाद कार सड़क पर ही छोड़ दी गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर वाहन के नीचे फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है, जिनमें से बिहारी लाल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में कार चालक के पुलिसकर्मी होने की बात सामने आ रही है। चालक और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और तलाश तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *