Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: विंटर कार्निवाल की रंगीन शाम, लोक-संस्कृति और युवाओं के उत्साह से गूंजा नैनीताल

Nainital: विंटर कार्निवाल की रंगीन शाम, लोक-संस्कृति और युवाओं के उत्साह से गूंजा नैनीताल
शेयर करे-

Nainital: उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय संस्कृति, लोककला और विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से नैनीताल में 22 से 26 दिसंबर, 2025 तक आयोजित विंटर कार्निवाल के अंतर्गत मंगलवार सांयकाल भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में पहाड़ की लोक-परंपराओं, युवाओं के जोश और आधुनिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य मंच पर दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, पर्यटन विभाग से जुड़े अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सफलता की कामना करते हुए इसे उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने वाला बताया।

सांस्कृतिक संध्या में वंदना एवं स्वागत गीत के साथ कुमाऊनी और गढ़वाली लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों तथा हिन्दी, पंजाबी और आधुनिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पहाड़ की सांस्कृतिक धरोहर से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों और युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। युवाओं का अपनी लोक-संस्कृति और विरासत से जुड़ना ही पहाड़ की पहचान को आगे बढ़ाने का मजबूत आधार है। विंटर कार्निवाल जैसे आयोजन पर्यटन संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान करते हैं।

स्टार नाइट में सुप्रसिद्ध लोक एवं बॉलीवुड कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। लोक कलाकारों के गीतों और नृत्यों पर जहां दर्शक झूमते नजर आए, वहीं पंजाबी-बॉलीवुड कलाकार की ऊर्जावान प्रस्तुति ने युवाओं में विशेष उत्साह भर दिया। पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

विंटर कार्निवाल के माध्यम से नैनीताल एक बार फिर संस्कृति, पर्यटन और उत्सवों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। यह आयोजन न केवल शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान दे रहा है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में सामने आ रहा है।

Nainital

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *