Headlines

New Delhi: दिल्ली एनसीआर में बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, ISI से जुड़े चार आरोपी गिरफ्तार

New Delhi: दिल्ली एनसीआर में बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, ISI से जुड़े चार आरोपी गिरफ्तार
शेयर करे-

New Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े आतंकवादी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और दिल्ली निवासी गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे तथा अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे।

स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, थानों, पिकेट्स और धार्मिक स्थलों की रेकी करने के साथ ही राजधानी में गोलीबारी जैसी वारदात को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी आतंकी घटना की साजिश रच रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप मंगाई जाती थी।

इसके बाद पुलिस ने उसके सहयोगी गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जिसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, फंडिंग चैनलों और विदेशी संपर्कों की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *