New Delhi: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 122वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा कार्यक्रम में उठाए गए विभिन्न विषयों की सराहना करते हुए प्रदेशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ में भारतीय वीर जवानों के शौर्य, स्वदेशी हथियारों और तकनीकों के प्रयोग की चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने ‘राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट’, गुजरात के गिर वन में शेरों की बढ़ती संख्या, तेलंगाना की महिला ड्रोन ऑपरेटर्स (स्काई वॉरियर्स), और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी श्री जीवन जोशी की विशिष्ट ‘बगेट’ कला का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन जोशी ने चीड़ की सूखी छाल से अपनी विलक्षण कला के माध्यम से उत्तराखंड की आत्मा को जीवंत किया है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को जीवन का हिस्सा बनाते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की और इसे एक जनआंदोलन के रूप में आगे ले जाने का आग्रह किया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

