Headlines

New Delhi: तीनों सेना प्रमुखों और CDS के साथ युद्ध स्थिति पर मंथन, PM मोदी की बड़ी रणनीतिक बैठक जारी

New Delhi: तीनों सेना प्रमुखों और CDS के साथ युद्ध स्थिति पर मंथन, PM मोदी की बड़ी रणनीतिक बैठक जारी
शेयर करे-

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान भी शामिल हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को फोन कर दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की अपील की। रुबियो ने इसके साथ ही पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से भी बातचीत कर स्थिति को शांत करने का अनुरोध किया है।

इधर, ऑपरेशन सिंदूर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर आम नागरिकों और चिकित्सा केंद्रों को निशाना बना रहा है। कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान की इस दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

इस बीच, सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तान के सियालकोट स्थित लूनी क्षेत्र में एक आतंकी लॉन्च पैड को तबाह कर दिया है। इस कार्रवाई में पाकिस्तान की सेना के एक कैंप को भी नष्ट कर दिया गया है।

गुरुवार रात से पाकिस्तान की ओर से भारत के जम्मू, फिरोजपुर, सिरसा समेत 26 शहरों में ड्रोन और रॉकेट्स के जरिए हमले किए गए। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सक्रिय रहते हुए हमलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया। सिरसा के पास पाकिस्तान द्वारा दागी गई फतह मिसाइल को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई एयरबेसों को निशाना बनाया है। हालांकि अल सुबह हुए कुछ धमाकों की चपेट में रिहायशी इलाके आने की खबरें भी सामने आई हैं।

आपको बता दें कि इस पूरी स्थिति की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हुई थी। इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी कार्रवाई करते हुए कई आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इसके पश्चात पाकिस्तान ने लगातार सीमा पर गोलीबारी और रॉकेट हमले शुरू कर दिए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार और सेना हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरत रही है।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *