Headlines

New Delhi: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ उबाल, दिल्ली में हाई कमीशन के बाहर कड़ी सुरक्षा के बीच विरोध प्रदर्शन

New Delhi: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ उबाल, दिल्ली में हाई कमीशन के बाहर कड़ी सुरक्षा के बीच विरोध प्रदर्शन
शेयर करे-

New Delhi: पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित हमलों और धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ के विरोध में मंगलवार को राजधानी में माहौल गर्म रहा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पूरे इलाके में तीन लेयर की बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहीं। आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ कथित अत्याचारों, मंदिरों में तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं की कड़ी निंदा की। हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए।

इसी क्रम में सर्व भारतीय हिंदी बंगाली संगठन के साथ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन के पास भी विरोध प्रदर्शन किया। यहां प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों और गारमेंट फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की कथित भीड़ हिंसा में हत्या का मुद्दा उठाया।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह बांग्लादेश के भालुका क्षेत्र में दीपू चंद्र दास को भीड़ द्वारा बेरहमी से पीटने के बाद सड़क पर लटकाकर जिंदा जलाए जाने की घटना सामने आई थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश देखने को मिला और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की भूमिका पर सवाल उठने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *