New Delhi: शनिवार, 28 मार्च को उत्तराखंड की सियासत में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब विभिन्न दलों से जुड़े 6 प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इन नेताओं को उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया।
कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं में बीजेपी के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बसपा के पूर्व विधायक नारायण पाल, टिहरी की घनसाली सीट से पूर्व विधायक भीमलाल आर्या, रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और भीमताल से बीजेपी नेता लाखन सिंह नेगी शामिल हैं। सभी नेताओं ने पारंपरिक तरीके से वरिष्ठ नेताओं का अभिवादन करते हुए कांग्रेस का पटका पहनकर सदस्यता ली।
इस दौरान कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस की शीर्ष लीडरशिप भी मौजूद रही, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। कुमारी शैलजा ने कहा कि सभी नेताओं ने बिना किसी शर्त के कांग्रेस ज्वाइन की है और पार्टी में उनका स्वागत है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड की राजनीति में हाल के दिनों में दल-बदल का सिलसिला तेज हुआ है। ऐसे में इन नेताओं की कांग्रेस में एंट्री को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम से ज्यादा चर्चा उन तस्वीरों की हो रही है, जिन्होंने पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
