Rudrapur: उत्तराखंड एसटीएफ ने थाना रुद्रपुर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने एक अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर खजान सिंह पुत्र गुरुचरण सिंह, निवासी बागवाला, थाना रुद्रपुर (उम्र 24 वर्ष) को आठ अवैध ऑटोमैटिक पिस्टलों और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों का एक बड़ा अन्तर्राज्यीय नेटवर्क ध्वस्त हुआ है, जिसके तार मध्यप्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक जुड़े हुए थे। गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी लूट और अवैध हथियार तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर, पुलिस उपाधीक्षक आरबी चमोला के पर्यवेक्षण और निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसी क्रम में एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने रुद्रपुर पुलिस के साथ मिलकर खजान सिंह को .32 बोर की पांच और .30 बोर की तीन पिस्टल समेत मैगजीन के साथ धर दबोचा।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से सरताज नामक बड़े हथियार तस्कर से ये अवैध पिस्टल मंगवाता था और उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड में सप्लाई करता था। यह गिरोह आगामी पंचायती चुनावों में हथियारों की तस्करी की योजना बना रहा था।
एसटीएफ की सतर्कता से इस बार तस्करी से पहले ही खेप को जब्त कर लिया गया। खजान सिंह से पूछताछ में इस गिरोह के चार अन्य सदस्यों की जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस ऑपरेशन में एसटीएफ टीम से निरीक्षक एमपी सिंह, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह कनवाल, हेड कांस्टेबल दुर्गा सिंह, कांस्टेबल दीपक भट्ट, चालक संजय कुमार तथा थाना रुद्रपुर से निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक होशियार सिंह, कांस्टेबल प्रवीण गोस्वामी और कांस्टेबल दीप चंद्र शामिल रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

