Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 के दृष्टिगत जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने गुरुवार को ब्लॉक रामगढ़ के सतबुंगा, ब्लॉक धारी के लेतीबुंगा और चोरलेख में स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल की तैनाती और मतदान प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान SSP मीणा ने मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के अनुसार सुरक्षा बल की पुनर्समीक्षा की और महिला मतदाताओं एवं कर्मियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, गश्त और निगरानी व्यवस्था की भी प्रभावशीलता की जांच की।
मतदान स्थलों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए SSP ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठा और निष्पक्षता से कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही आमजन को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी तरह से सतर्क और तैनात है, ताकि हर मतदाता सुरक्षित वातावरण में मतदान कर सके।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाश चंद्र आर्य ने बेतालघाट क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं, एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने ओखलकांडा के मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी नितिन लोहनी ने मुक्तेश्वर क्षेत्र के परोड़ा व सुनकिया आदि स्थानों पर जाकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।
चुनाव के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। बेतालघाट व रामगढ़ स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड द्वारा गहन जांच की गई। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से जारी है, और पुलिस बल पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


