Almora: अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 4.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर स्थल के सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के तहत विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

Chief Editor, Aaj Khabar
