Almora: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीएम मेमोरियल स्कूल में पतंजलि योगपीठ की महिला विंग द्वारा एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योगपीठ की वरिष्ठ योग साधिकाओं श्रीमती पार्वती सिराड़ी, श्रीमती गीता बिष्ट एवं श्रीमती कमला बिष्ट द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्रीमती लता डंगवाल, अभिभावक संघ अध्यक्ष श्री गोपाल चमियाल और ग्राम प्रधान श्रीमती लता तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही योग के प्रति जागरूकता विकसित करना स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री रघुनाथ चौहान एवं ब्लॉक प्रमुख श्री सूरज सिराड़ी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और पतंजलि योगपीठ के इस प्रयास की सराहना करते हुए योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया।
शिविर का समापन सभी के उत्तम स्वास्थ्य, मानसिक शांति और निरोग जीवन की कामना के साथ हुआ।


Chief Editor, Aaj Khabar
