Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने अपनी ही मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसकी मां ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों से उसका यौन शोषण कराया। यह महिला भारतीय जनता पार्टी की पूर्व नेता बताई जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का अपने पति से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पीड़िता पिछले एक महीने से अपने पिता के साथ रह रही थी और इस दौरान वह काफी गुमसुम रहने लगी थी। जब पिता ने बेटी से इसकी वजह पूछी तो उसने जो बताया, वह सुनकर उनके होश उड़ गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी मां ने न सिर्फ अपने प्रेमी से बल्कि अन्य लोगों से भी उसका यौन शोषण करवाया। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मेडिकल जांच कराई और मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान (धारा 164 के अंतर्गत) दर्ज कराए। जांच व मेडिकल रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का बयान:
“रानीपुर थाने में एक मामला हमारे संज्ञान में आया, जिसमें नाबालिग बच्ची ने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए मेडिकल जांच और 164 के तहत बयान दर्ज कराए। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।”
– एसएसपी हरिद्वार
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हरिद्वार बीजेपी के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिस महिला पर आरोप लगे हैं, उन्हें अगस्त 2024 में ही पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया गया था। फिलहाल, उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है और भारतीय जनता पार्टी ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी साझा किया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
