Headlines

Haridwar: जट बहादरपुर में खूनी संघर्ष,फायरिंग में युवक की मौत, गिरफ्तारी की मांग पर हंगामा

Haridwar: जट बहादरपुर में खूनी संघर्ष,फायरिंग में युवक की मौत, गिरफ्तारी की मांग पर हंगामा
शेयर करे-

Haridwar: पथरी थाना क्षेत्र के जट बहादरपुर गांव में रविवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में हंगामा कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव गांव ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही चौराहे पर शव रखकर फिर से प्रदर्शन शुरू हो गया।

घटना जट बहादरपुर के पूर्व प्रधान विकास कुमार और गांव के ही जतिन चौधरी के बीच लंबे समय से चली आ रही तनातनी के कारण हुई। रविवार रात एक्कड़ रेलवे स्टेशन और फाटक के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और झगड़ा इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इस दौरान विकास कुमार पक्ष के राजन को गोली लग गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, झगड़े में घायल जतिन चौधरी को मेरठ ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे नारसन बॉर्डर पर रोककर एम्स ऋषिकेश भेज दिया।

सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता, ग्रामीण और बसपा से जुड़े लोग जिला अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव को गांव लाया गया, लेकिन वहां चौराहे पर रखकर फिर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस को देखते हुए ग्रामीणों ने रविदास मंदिर में शव रखकर पंचायत शुरू कर दी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए पीएसी समेत जिलेभर से भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद तय हुआ कि 36 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। इस आश्वासन के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, और सभी दुकानें बंद रहीं। घटना के बाद आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जिससे गांव के अंदर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *