Headlines

Dehradun: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर ली बैठक, यातायात सुधार के लिए कई अहम निर्देश

Dehradun: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर ली बैठक, यातायात सुधार के लिए कई अहम निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर सम्बन्धित विभागों के साथ बैठक की। बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए लगातार नए और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में निरंजनपुर मंडी को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के लिए एमडीडीए को नई जगह तलाशने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने को कहा गया और 20 जनवरी तक संबंधित शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को शहर के छह प्रमुख जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक शासनादेश जारी करने को कहा। उन्होंने शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बनी पार्किंग का पूरा उपयोग न होने पर चिंता जताई और तैयार पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा लागू ऑन रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने पर जोर दिया गया।

परिवहन विभाग को दिसंबर माह में एसपीवी पंजीकरण और जनवरी में पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। आशारोड़ी में सीज वाहनों के लिए बनाई जा रही पार्किंग को जल्द शुरू करने को भी कहा गया।

इसके अलावा उम्टा द्वारा चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने, परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी जांच कराने, अवैध रूप से लटके तारों को हटाने और अंडरग्राउंड केबल कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *