Haridwar: मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह हुए भगदड़ हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तुरंत हरकत में आए और हरिद्वार पहुंचकर जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने सभी घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब सप्ताहांत के चलते मंदिर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं के चलते मुख्य सीढ़ी मार्ग पर अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने पर अचानक भगदड़ मच गई, जिससे श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरते चले गए।
इस दर्दनाक हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं की पहचान विपिन सैनी (काशीपुर), आरुष (बरेली), विशाल (रामपुर), विक्की (रामपुर), वकील (बाराबंकी) और शांती (बदायूं) के रूप में हुई है। सभी मृतक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के निवासी थे।
घायलों की संख्या 29 बताई जा रही है, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के श्रद्धालु हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन को पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

