Headlines

Haridwar: अवैध खनन ऑडियो कांड में सीएम धामी के निर्देश पर इकबालपुर चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित, छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

Dehradun News
शेयर करे-

Haridwar: राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार जिले की इकबालपुर पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े मामले में पुलिस की संलिप्तता को लेकर एक ऑडियो सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया और मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंप दी है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *