Headlines

Haridwar: गंगनहर में कूदी विवाहिता प्रकरण में नया मोड़, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज

Haridwar: गंगनहर में कूदी विवाहिता प्रकरण में नया मोड़, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
शेयर करे-

॰ पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न और गंगनहर में धक्का देने का मुकदमा, मां बेटी की तलाश जारी

Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में एक वर्षीय बेटी के साथ लापता हुई विवाहिता के मामले में नया मोड़ आ गया है। पहले पति ने दावा किया था कि कहासुनी के बाद उसकी पत्नी बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। वहीं अब महिला के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मारपीट के बाद महिला और उसकी बेटी को जानबूझकर नहर में धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन ने रविवार को पुलिस को बताया था कि वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी सरिता, चार वर्षीय बेटे और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सरिता कथित रूप से बेटी को लेकर गंगनहर में कूद गई।

घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। सोमवार देर शाम तक मां-बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका। नहर में तलाश अभियान लगातार जारी है।

इसी बीच महिला के भाई भूपेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि सरिता की शादी 27 जून 2020 को अर्जुन से हुई थी। शादी के बाद से पति अर्जुन, ससुर बालेश्वर, सास कलावती तथा ननद शीतल और बुलबुल दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन का लगातार उत्पीड़न और मारपीट करते थे।

शिकायत में यह भी कहा गया कि 11 जुलाई की रात सरिता ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे तथा उसकी एक वर्षीय बेटी नैन्सी को जान से मारने का प्रयास किया जा रहा है। अगले दिन अर्जुन ने फोन कर बताया कि सरिता बेटी को लेकर गंगनहर में कूद गई है। परिजनों ने आशंका जताई कि दोनों को जानबूझकर गंगनहर में धक्का दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जबकि जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गंगनहर में लापता मां-बेटी की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *