Haridwar: हरिद्वार में गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। कनखल थाना क्षेत्र के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे हुई इस सनसनीखेज वारदात में कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने रातभर आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा पर निकला था। रविवार देर रात अधिक होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम कर रहा था। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पीते हुए शोर-शराबा और गाली-गलौज कर रहे थे।
कांवड़ियों ने युवकों से शोर न मचाने की बात कही, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक पुल से नीचे आए और आराम कर रहे कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इससे पहले कि कांवड़िए कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अजय के सीने से सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने की बजाय कंधे में लगी, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास तैनात पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल अजय को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि हमलावर अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। जबकि पांच से छह आरोपी अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग निकले।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
बताया गया कि अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी। घटना के बाद स्थानीय गौ सेवकों ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
