Haridwar: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। शनिवार को एसआईटी ने हरिद्वार के सुल्तानपुर स्थित मुख्य आरोपी खालिद के घर पर दो बार दबिश दी। पहले दिन में परिजनों से पूछताछ कर टीम ने अहम जानकारियां जुटाईं, जबकि देर रात संदिग्ध दस्तावेजों और डिजिटल डाटा को खंगाला।
जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने बहादरपुर गांव के उस स्कूल में भी दबिश दी, जहां से पेपर लीक होकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस दौरान स्कूल मालिक, क्लर्क और परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा दिवस की गतिविधियों को लेकर करीब तीन घंटे तक गहन पूछताछ की गई।
एसआईटी इंचार्ज जया बलूनी ने बताया कि खालिद के घर की तलाशी में कई अहम दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टाफ से भी विस्तृत पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी डिजिटल सबूत, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 21 सितंबर को आयोजित यूकेएसएसएससी स्नातक स्तर की परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के मात्र 35 मिनट बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी खालिद और उसकी बहन साफिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। सरकार ने सुमन को निलंबित कर दिया है, जबकि परीक्षा केंद्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट और दो पुलिस कर्मियों पर भी निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
