Nainital: पुलिस लाइन नैनीताल के मीटिंग हॉल में गुरुवार को एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड श्री वी. मुरुगेशन ने कुमाऊं परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न जनपदों में अपराध नियंत्रण और जांच की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में कुमाऊं रेंज के जनपदों में अपराधों के अनावरण और अपराधियों की गिरफ्तारी की तुलनात्मक समीक्षा की गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि महिला अपहरण और महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और कठोर कार्रवाई की जाए। चोरी और नकबजनी के मामलों का त्वरित निस्तारण कर संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही कर अवैध असलहों की सप्लाई चेन को तोड़ने, जनपदों में सघन चेकिंग कराने और अवैध नशे की सप्लाई रोकने के लिए मैदानी जिलों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। नशा तस्करों और अड्डों पर पैनी नजर रखने और सभी एंट्री पॉइंट्स पर सख्त चेकिंग करने को कहा गया।
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए 1930 हेल्पलाइन को प्रभावी बनाने और पीड़ितों की संपत्ति बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं और विभागीय कार्यवाहियों को समय पर निस्तारित करने तथा अज्ञात शवों की शिनाख्त की कार्यवाही पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कुमाऊं रेंज की आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी ऊधमसिंहनगर श्री मणिकांत मिश्रा, एसएसपी अल्मोड़ा श्री देवेंद्र पींचा, एसपी पिथौरागढ़ श्री अशोक ए गणपति व श्रीमती रेखा यादव, एसपी बागेश्वर श्री आर. चंद्रशेखर घोड़के और एसपी क्राइम ऊधमसिंहनगर सुश्री निहारिका तोमर मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
