Nainital: सोशल मीडिया पर जनसुरक्षा से जुड़ी भ्रामक पोस्ट डालने पर एक युवक को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। कालाढूंगी क्षेत्र के एक खुले नाले में नहाने के लिए अन्य युवाओं को उकसाने वाला इंस्टाग्राम वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद मीणा की नजर में आते ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थाना बनभूलपुरा की पुलिस टीम ने जांच के दौरान युवक की पहचान तारिक पुत्र मोहम्मद ताहिर, निवासी इंद्रा नगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में की। उसे हिरासत में लेकर संबंधित वीडियो को तुरंत हटवाया गया और उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत ₹5000 का जुर्माना भी वसूला गया। युवक से भविष्य में ऐसी कोई हरकत न दोहराने का लिखित माफीनामा भी लिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से अन्य युवाओं को गलत प्रेरणा मिल सकती है, जिससे जनसुरक्षा को खतरा उत्पन्न होता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी खुले नाले, नदी या तालाब जैसे असुरक्षित स्थानों पर न नहाएं और न ही सोशल मीडिया पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट या भ्रामक वीडियो साझा करें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

