Headlines

Nainital: डीएम ललित मोहन रयाल बोले — जनसेवा, पारदर्शिता और संवाद रहेगा प्रशासन की नींव

Nainital: डीएम ललित मोहन रयाल बोले — जनसेवा, पारदर्शिता और संवाद रहेगा प्रशासन की नींव
शेयर करे-

Nainital: नवागंतुक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि उन्हें एक बार फिर नैनीताल जिले की जनता की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं, जो न केवल जनसमस्याओं को उजागर करते हैं बल्कि नीतिगत निर्णयों को दिशा भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में विकास, बुनियादी ढाँचे, महिला, बाल एवं कमजोर वर्गों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को सही लाभार्थियों तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विशिष्ट समस्याओं, खाद्य आपूर्ति, आपदा प्रबंधन और आधारभूत संरचना से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी प्रभावी हस्तक्षेप किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि खेल प्रशिक्षकों (कोचों) को रविवार की बजाय कार्यदिवसों में अवकाश दिया जाएगा ताकि रविवार को बच्चों की छुट्टी के दौरान उन्हें अधिक समय तक प्रशिक्षण मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों की सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें शीघ्र भरने की दिशा में कार्य किया जाए। चौड़ीकरण और जनहित से जुड़ी योजनाएं निरंतर जारी रहेंगी।

संवाद के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों ने सुझाव दिया कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवादहीनता नहीं रहनी चाहिए। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित प्रेस मीट आयोजित की जाएंगी ताकि संवाद की प्रक्रिया निरंतर बनी रहे।

इससे पूर्व पत्रकारों ने नवागंतुक जिलाधिकारी का बुके देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *