Nainital: कुमाऊँ मंडल आयुक्त दीपक रावत के संज्ञान में आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गरमपानी में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। आरोप है कि वे महीने में केवल एक बार आते हैं और उपस्थिति पंजिका में कई दिनों की एक साथ हस्ताक्षर कर देते हैं।
मंडलायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी, कैंची धाम से जांच करवाई। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि डॉ. सिंह पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में अनुपस्थित थे। इसके बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई, जिसमें उनकी मौजूदगी नहीं मिली।
सीएमओ नैनीताल और सीएमएस डॉ. सतीश ने भी इस अनुपस्थिति की जानकारी समय पर उच्चाधिकारियों को नहीं दी। मामला 27 अगस्त को सामने आने पर सीएमएस ने सीएमओ को सूचना दी।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य कुमाऊं मंडल नैनीताल को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं तथा दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
