Headlines

Nainital: नैनीताल में नो हेलमेट नो पेट्रोल नियम लागू, डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर पेट्रोल पंपों और एंट्री प्वाइंट पर सख्ती शुरू

Nainital: नैनीताल में नो हेलमेट नो पेट्रोल नियम लागू, डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर पेट्रोल पंपों और एंट्री प्वाइंट पर सख्ती शुरू
शेयर करे-

Nainital: जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिए जाने की व्यवस्था लागू कर दी गई है।

प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ संबंधी जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए हैं। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नियम के अनुपालन की निगरानी कर रहे हैं ताकि सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।

इसके अलावा नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों का उद्देश्य पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पूर्व जानकारी देना है, जिससे अनावश्यक परेशानी से बचते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के समय में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मृत्यु और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग नहीं किया गया था। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लागू किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *