Headlines

Nainital: नैनीताल में रसोई गैस कालाबाजारी पर सख्ती, क्यूआरटी सक्रिय; ‘पहले आओ-पहले पाओ’ से होगी गैस आपूर्ति

Nainital: नैनीताल में रसोई गैस कालाबाजारी पर सख्ती, क्यूआरटी सक्रिय; ‘पहले आओ-पहले पाओ’ से होगी गैस आपूर्ति
शेयर करे-

Nainital:  जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम/स्पॉट डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सभी उपजिलाधिकारियों, गैस एजेंसियों के क्षेत्रीय अधिकारियों, पूर्ति अधिकारियों और निरीक्षकों को शामिल करते हुए 7 त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) गठित किए गए हैं, जो लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1077, लैंडलाइन नंबर 08942-231179, 05842-231178 और व्हाट्सएप नंबर 27208054 पर गुरुवार को कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें उपभोक्ताओं ने गैस आपूर्ति न होने की समस्या बताई। इन शिकायतों को तुरंत संबंधित गैस एजेंसियों तक पहुंचाकर समाधान कराया गया।

जिला पूर्ति विभाग के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को जनपद में 6662 घरेलू और 1326 व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त हुए। इनमें से 6365 घरेलू और 841 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। वहीं, वर्तमान में 7041 घरेलू और 2462 व्यावसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।

जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने अब तक 71 गैस एजेंसियों, 90 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 85 डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण किया है। गुरुवार को ही 11 एजेंसियों, 12 प्रतिष्ठानों और 12 डिलीवरी वाहनों की जांच की गई।

पिछले 24 घंटे में व्हाट्सएप ग्रुप पर इंडेन गैस से जुड़े 44 उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद भुगतान करने के बावजूद गैस न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, इंडेन सेल्स अधिकारी, एजेंसी प्रबंधकों और आपदा प्रबंधन अधिकारी का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

इसके अलावा, कुमाऊं मंडल विकास निगम के स्तर पर हल्द्वानी के सरस मार्केट में एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है, जहां से उपभोक्ताओं के नाम वाली पर्ची के आधार पर गैस वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे पहले बुकिंग और भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता मिलेगी।

इंडेन गैस सर्विस ने 3 अप्रैल 2026 से ‘First In-First Out’ नीति लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत बुकिंग की तारीख के अनुसार चरणबद्ध तरीके से गैस वितरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस की कालाबाजारी, डायवर्जन या रिफिलिंग से जुड़ी किसी भी शिकायत को दिए गए नंबरों या व्हाट्सएप के माध्यम से तुरंत साझा करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *