Nainital: नैनीताल की प्रसिद्ध नैनी झील इन दिनों लगातार सामने आ रही आत्महत्या की घटनाओं के कारण चिंता का विषय बनी हुई है। बीते एक सप्ताह के भीतर झील से तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक युवक को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
मंगलवार को ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के पास झील से 31 वर्षीय प्रकाश आर्या का शव बरामद किया गया। प्रकाश सात नंबर क्षेत्र का निवासी था और मल्लीताल के एक होटल में कार्यरत था। वह 27 जून की रात अपने मित्र से मिलने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश के दौरान झील किनारे उसका बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल मिलने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। तीन दिन बाद उसका शव झील से बरामद हुआ।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि शव की पहचान प्रकाश आर्या के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले 26 और 27 जून को भी नैनी झील से दो शव बरामद हुए थे। इनमें स्थानीय निवासी मनीष शाह और ऑल सेंट कॉलेज क्षेत्र निवासी महेंद्र चौहान शामिल थे। मनीष शाह ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपनी बहन को वीडियो कॉल भी किया था। वहीं 28 जून को नेपाली मूल के एक युवक ने झील में छलांग लगा दी थी, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में नैनी झील में कूदकर 25 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं ने झील की सुरक्षा व्यवस्था और मानसिक स्वास्थ्य सहायता तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
