Nainital: नैनीताल जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। 8 मार्च 2025 को मुखानी क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, फड़-फेरी वालों, मजदूरों, ठेलेवालों और किराएदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया। इस अभियान में 662 दुकानों, घरों और फड़-फेरी वालों की जांच की गई, जिसमें से 492 व्यक्तियों का सत्यापन हुआ। सत्यापन न कराने पर 47 लोगों का चालान किया गया और 17,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें गठित की गईं, जिन्होंने कठघरिया-पनियाली, मुखानी चौराहा, गैस गोदाम रोड और नारायण नगर समेत कई इलाकों में अभियान चलाया। पुलिस टीमों में क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारियों के साथ पीएसी के जवान भी शामिल रहे। सत्यापन के दौरान पहचान एप और मैन्युअल प्रक्रियाओं का उपयोग किया गया, जिसमें 93 लोगों की पहचान डिजिटल तरीके से और 399 लोगों की पहचान मैन्युअली सत्यापित की गई। अभियान के दौरान बिना सत्यापन के पाए गए 17 व्यक्तियों का कोर्ट चालान और 30 लोगों पर 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से अपराधों में कमी आएगी और अवांछनीय तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई होगी। नैनीताल पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रखा जा सके।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

