Nainital: आगामी नैनीताल महोत्सव, विंटर कार्निवाल, क्रिसमस, 31 दिसम्बर एवं नववर्ष 2026 के दौरान जनपद में संभावित भारी पर्यटक दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने विभिन्न विभागों एवं स्टेकहोल्डर्स के साथ पुलिस लाइन नैनीताल के सभागार में एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी का उद्देश्य सुगम यातायात, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लाखों की संख्या में पर्यटकों के आगमन की संभावना को ध्यान में रखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन विभाग, अग्निशमन, विद्युत एवं नगर निकायों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 दिसम्बर से विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 22 दिसम्बर को नैनीताल से कैंची धाम तक ट्रैकिंग, 23 से 25 दिसम्बर तक मंचीय कार्यक्रम तथा 26 दिसम्बर को फूड फेस्टिवल आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त क्रिसमस, 31 दिसम्बर और नववर्ष के अवसर पर विशेष व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।
गोष्ठी में लिए गए निर्णयों के अनुसार नारायण नगर को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया जाएगा, पार्किंग भरने पर शटल सेवा संचालित होगी। रोडवेज, टैक्सी व केएमओयू वाहनों से शटल सुविधा, सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त मैनपावर व प्रकाश व्यवस्था, होटल-टैक्सी में मोबाइल नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया। सड़क सुरक्षा के तहत पेड़ों की लॉपिंग, रिफ्लेक्टर व क्रैश बैरियर, दुर्घटना संभावित स्थलों का चिह्नीकरण और डायवर्जन चौराहों पर बड़े सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।
भवाली से कैंची धाम तक सड़क निर्माण शीघ्र पूर्ण करने, दिन में भारी वाहनों पर प्रतिबंध तथा रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे तक ही आवागमन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया। स्थानीय निवासियों को लोकल पहचान पत्र पर प्रवेश, 22 दिसम्बर से 7 जनवरी तक नैनीताल टोल प्लाजा पर दोनों ओर समान यातायात संचालन तथा लाउडस्पीकर से निरंतर एनाउंसमेंट किए जाएंगे।
बर्फबारी की स्थिति में सभी विभागों को अलर्ट रहने, बिजली-पानी-खाद्यान्न व परिवहन आपूर्ति सुनिश्चित करने, अग्निशमन व विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता तथा होटल-रिजॉर्ट-कैफे-बार में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम 9411112979 या 112 पर देने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एम्बुलेंस और मेडिकल सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश भी जारी हुए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, विभिन्न पुलिस अधीक्षक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, डीएफओ, सीएमओ, परिवहन, पर्यटन, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
नैनीताल पुलिस ने दोहराया कि प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव देना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
