Nainital: दीपावली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा (IPS) के कड़े निर्देशों पर कालाढूंगी और लालकुआं पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर जुए के अड्डों का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में कुल 12 जुआरी गिरफ्तार किए गए और ₹6.67 लाख से अधिक की नगद राशि बरामद की गई।
पहले मामले में कोतवाली कालाढूंगी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में कोटाबाग क्षेत्र के जंगल में दबिश दी, जहां पांच व्यक्ति हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पकड़े गए। मौके से ₹5.66 लाख नकद, दो गड्डी ताश और अन्य सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से फरार अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में एसओजी और लालकुआं पुलिस ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में बलवंत की दुकान पर सट्टे के अड्डे पर छापा मारा। यहां सात लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने ₹1.01 लाख नकद और ताश की गड्डियां बरामद कीं।
एसएसपी प्रह्लाद मीणा ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान जिले में सट्टा-जुआ और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कड़ा अभियान जारी रहेगा। ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जो शांति व्यवस्था भंग करेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar

